मार्च का महीना चल रहा है और अधिकतर कंपनियों में इस दौरान अप्रेजल की प्रक्रिया भी चलती है। हालांकि, कोरोना वायरस महामारी की वजह से इस बार अधिकतर कंपनियों ने वेतन में वृद्धि नहीं की है। लेकिन इस बीच मध्य प्रदेश की एक कंपनी ने अपने 28 कर्मचारियों को एक-एक वन बीएचके मकान उपहार में दिया है। इन लाभार्थियों में 14 महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इंदौर शहर के पास पीथमपुर में स्थित एक टेक्सटाइल कंपनी (प्रतिभा सिंटेक्स लिमिटेड) ने अपने कंपनी में काम करने वाले ऐसे 28 लोगों को चुना, जिनकी तनख्वाह 25 हजार रुपए तक थी। साथ ही वे कंपनी के साथ पिछले सात सालों से जुड़े रहे हों। इन लोगों को कंपनी ने सागौर कुटी की टाउनशिप में वन बीएचके घर तोहफे में दिए हैं। कंपनी के मुख्य कर्ता-धर्ता एसके चौधरी कहते हैं, ''मेरे पिता के समय से कंपनी का एक उद्देश्य रहा है कि यहां काम करने वाला हर एक कर्मचारी हमारा गौरव है। उसके हर एक सपने को पूरा करने में मदद करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।''
यूं किया गया चुनाव
कंपनी ने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए कुछ समय पहले एक प्लान तैयार किया था, जिसके तहत उन्होंने कर्मचारियों के बीच सर्वे कराया था। इसमें लोगों से उनके सपने के बारे में पुछा गया था। ऐसे में अधिकतर लोगों ने बताया था कि, खुद का घर लेना या बनाना ही उनका सपना है। इसके बाद कंपनी ने उनके यहां सात साल से ज्यादा समय से कम सैलरी में काम कर रहे और अच्छे रिकॉर्ड वाले कर्मचारियों का चुनाव किया, जिनके पास खुद का घर नहीं था। उन्हें कंपनी की ओर से घर की चाबी सौंप दी गई। ये गिफ्ट कंपनी के प्रेसीडेंट एस.के. चौधरी के पिता छोगमल चौधरी की जन्म शताब्दी के मौके पर दिया गया।
0 Comments